featured
बलिया प्रशासन की अच्छी पहल, क्वारंटाइन किए गए लोगों को काम पर लगाया, दी जा रही है ट्रेनिंग
बलिया: देश के विभिन्न हिस्सों से आ रहे लोगों, खासकर श्रमिकों को क्वारंटाइन के दौरान रोजगारपरक प्रशिक्षण देने की भी पहल की जा रही है।
इससे कार्यों की जानकारी लेने के साथ समय का सदुपयोग भी कर सकेंगे। इसके लिए रोजगार क्षेत्र में काम करने वाले विभाग जिला उद्योग केंद्र, जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा), आईटीआई, रोजगार कार्यालय और कौशल विकास मिशन मिलकर काम करेंगे।
ये सभी विभाग संयुक्त मजिस्ट्रेट अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देशन में काम करेंगे। जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही ने श्रीमती गर्ग को नोडल अधिकारी बनाकर यह जिम्मेदारी सौंपी है।
डीएम श्री शाही ने बताया कि कोविड-19 के दृष्टिगत देश के विभिन्न महानगरों में कार्य करने वाले व्यक्ति भारी संख्या में जनपद में वापस आ रहे हैं। छह हजार से अधिक व्यक्ति जनपद में वापस आ चुके हैं, जबकि विभिन्न महानगरों में फंसे व्यक्तियों को चरणबद्ध रूप से वापस लाने का निर्णय राज्य सरकार ने लिया है और वापसी शुरू भी है।
आने वाले व्यक्तियों में अधिकांश छोटे उद्योग, व्यवसाय, दैनिक मजदूरी तथा फैक्ट्रियों में कार्य करने वाले मजदूर हैं, जिनकी सम्भावित संख्या 10 हजार के आसपास है। इस प्रकार कुशल व अकुशल श्रेणी के दैनिक मजदूरों की संख्या लगभग 16 हजार होंगे।
ऐसे व्यक्तियों को मनरेगा के अतिरिक्त रोजगार के अन्य अवसर भी उपलब्ध कराने के लिए जनपद में एक समेकित कार्ययोजना बनाने का प्रयास हो रहा है।
इसके लिए संयुक्त मजिस्ट्रेट/उपायुक्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (स्वतः रोजगार) अन्नपूर्णा गर्ग को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इनके द्वारा ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों में आ रहे इन अतिरिक्त लोगों का सर्वे कराकर एक कार्ययोजना तथा उसके क्रियान्वयन की कार्यवाही की जाएगी। रोजगार क्षेत्र में कार्य करने वाले विभाग इनके निर्देशन में काम करेंगे।
कौन किस क्षेत्र में है माहिर, इसका होगा सर्वे
बाहर से आने वाले लोगों में सबसे ज्यादा श्रमिक या मजदूरों की संख्या है। ऐसे में कौन किस क्षेत्र में माहिर है इसका सर्वे होगा। पांच विभागों की बनाई गई समिति समिति क्वारंटाइन के दौरान सुनियोजित ढंग से सोशल डिस्टेसिंग व सतर्कता बरतते हुए उनकी कुशलता के क्षेत्र का सर्वे करेगी। साथ ही क्वारंटाइन की अवधि में ही रोजगारपरक कार्यों के प्रशिक्षण देने की पहल करेगी। इसका उद्देश्य यही है कि इस खाली समय का बेहतर सदुपयोग कर सकें।
योग-प्राणायाम से जुड़ी संस्थाओं का भी लिया जाएगा सहयोग
क्वारंटाइन सेंटर में लोगों को रखा जाएगा। इसमें रोजगार प्रशिक्षण देने के अलावा आवश्यकतानुसार योगा-प्राणायाम व ध्यान से सम्बन्धित संस्थाओं व अन्य गैर सरकारी संस्थाओं का भी इस कार्य में सहयोग लिए जाने पर विचार हो रहा है। पांच विभागों की यह समिति जनपद में आने वाले व्यक्तियों को महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा निर्मित सूती कपड़े का दो-दो मास्क भी उपलब्ध कराएगी।
featured
Photos- जमुना राम मेमोरियल स्कूल में गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास से संपन्न
26 जनवरी 2026 को जमुना राम मेमोरियल स्कूल के प्रांगण में 76वां गणतंत्र दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजा एवं ध्वजारोहण के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने अनुशासित मार्च-पास्ट के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्था के अध्यक्ष प्रोफेसर धर्मात्मानंद जी ने ध्वजारोहण किया। अपने प्रेरणादायक संबोधन में उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता, समानता एवं मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए संविधान में निहित प्रावधानों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सेना से सेवानिवृत्त महानुभूतियों को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे समारोह की गरिमा और भी बढ़ गई।

कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने सभी को भावविभोर कर दिया। हरियाणवी नृत्य, “मां से ही माटी” थीम पर आधारित प्रस्तुति, “पधारो मारे देश”, कव्वाली, उत्तर-पूर्व भारत का प्रसिद्ध बिहू नृत्य तथा योग प्रदर्शन को दर्शकों ने खूब सराहा। गरबा और भांगड़ा नृत्य भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “वराह रूपम” नृत्य एवं कथकली प्रस्तुति रही, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। संस्था के निदेशक तुषार नंद जी एवं सौम्या प्रसाद जी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि संविधान में निहित मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों एवं समानता के सिद्धांतों पर आधारित समाज के निर्माण से ही भारत को विश्वगुरु बनाने का सपना साकार हो सकता है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य अजीत कुमार सिंह ने सभी आगंतुकों, अतिथियों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारीगण के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की सफलता में कोऑर्डिनेटर नीतू मिश्रा एवं अरविंद चौबे की विशेष सहभागिता रही।
featured
UGC के ‘Equity Rules’ में स्पष्टता व संतुलन की मांग, बलिया के भानु प्रकाश सिंह ने चेयरमैन को लिखा पत्र
बलिया। ध्रुवजी सिंह स्मृति सेवा संस्थान, पूर-बलिया के सचिव भानु प्रकाश सिंह ‘बबलू’ ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के चेयरमैन डॉ. विनीत जोशी को पत्र भेजकर यूजीसी विनियम, 2026 में आवश्यक स्पष्टीकरण और सुधार की मांग की है। उन्होंने पत्र की प्रतिलिपि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री, गृह मंत्री एवं रक्षा मंत्री को भी भेजते हुए इस विषय पर शीघ्र और ठोस कार्रवाई की आवश्यकता जताई है।
भानु प्रकाश सिंह ने यूजीसी विनियमों के उद्देश्य को सराहनीय बताते हुए कहा कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संविधान के अनुच्छेद 14, 15(1) एवं 21 तथा नैसर्गिक न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप संतुलित, स्पष्ट और न्यायसंगत व्यवस्था अनिवार्य है। उन्होंने समता समिति के गठन, उसकी संरचना और निर्णय प्रक्रिया में पारदर्शिता, संतुलन और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए ठोस दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की।
शिकायतों के निस्तारण के लिए एक समान मानक कार्य-प्रणाली (एसओपी) तय करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि केवल आरोप के आधार पर कठोर कार्रवाई न्यायसंगत नहीं है। किसी भी दंडात्मक कदम से पूर्व प्रथम दृष्टया जांच आवश्यक होनी चाहिए। साथ ही झूठी या दुर्भावनापूर्ण शिकायतों के दुरुपयोग को रोकने के लिए भी स्पष्ट प्रावधान किए जाने की मांग की गई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा संस्थानों में नियमों का पालन सहयोग, मार्गदर्शन और न्याय की भावना पर आधारित होना चाहिए, न कि पुलिसिंग या अत्यधिक निगरानी जैसा वातावरण बनाकर। इसके अतिरिक्त उच्च शिक्षा को शोध और नवाचार का मजबूत केंद्र बनाने के लिए रिसर्च इंफ्रास्ट्रक्चर के सुदृढ़ीकरण, साझा प्रयोगशालाओं की स्थापना, उद्योग-सहयोग, स्टार्टअप को बढ़ावा देने और पेटेंट संस्कृति को प्राथमिकता देने का भी सुझाव दिया।


