उत्तर प्रदेश
यूपी में आफत की बारिश: सुबह से जोरदार बारिश, गंगा, घाघरा नदियां उफान पर
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में पिछले कई दिनों से रुक-रुक कर बारिश होने का सिलसिला रूकने का नाम नहीं ले रहा है. भारी बारिश के चलते गंगा, घाघरा और शारदा समेत अनेक नदियां उफान पर हैं. इसके अलावा बारिश के चलते हुए हादसे में बीते तीन दिनों में करीब 30 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है.
उत्तर प्रदेश के आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में दक्षिण-पश्चिमी मानसून पूरी तरह सक्रिय है. इसके चलते बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में अनेक स्थानों पर वर्षा हुई. इसके अलावा कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हुई है. इस दौरान खैरागढ़ (आगरा) में सबसे ज्यादा 10 सेंटीमीटर वर्षा रिकार्ड की गयी. इसके अलावा फतेहपुर (बाराबंकी) और अकबरपुर (अम्बेडकर नगर) में नौ-नौ, रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र) और राजघाट (वाराणसी) में आठ-आठ सेमी, बिजनौर में सात सेमी, सफीपुर (उन्नाव), चुर्क (सोनभद्र), सलेमपुर (देवरिया) और मवाना (मेरठ) में छह-छह सेमी और हैदरगढ़ (बाराबंकी) और मुजफ्फरनगर में पांच-पांच सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई.
गंगा, घाघरा, शारदा और रामगंगा नदियां उफान पर
बारिश के कारण प्रदेश के ज्यादातर मण्डलों में अधिकतम तापमान में भी खासी गिरावट आयी है. पिछले 24 घंटों के दौरान आगरा, झांसी, मेरठ, कानपुर, लखनऊ और मुरादाबाद मण्डलों में दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया. अगले 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के पूर्वी भागों में ज्यादातर स्थानों पर और पश्चिमी हिस्सों में अनेक जगहों पर बारिश होने का अनुमान है. इस बीच, केन्द्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, जलभरण क्षेत्रों में व्यापक वर्षा की वजह से प्रदेश में गंगा, घाघरा, शारदा और रामगंगा समेत अनेक नदियां उफान पर हैं. इसकी वजह से राज्य के विभिन्न स्थानों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है.
कानपुर में गंगा व मुरादाबाद में रामगंगा खतरे के निशान के करीब
गंगा नदी नरौरा, अंकिनघाट और फर्रुखाबाद में खतरे के निशान के ऊपर बह रही है. वहीं, कानपुर, गुमटिया, बलिया तथा डलमऊ में इसका जलस्तर लाल निशान के नजदीक बना हुआ है. रामगंगा नदी डाबरी में खतरे के चिह्न को पार गयी है, जबकि मुरादाबाद में यह इस निशान के करीब पहुंच चुकी है. घाघरा नदी एल्गिनब्रिज, तुर्तीपार और अयोध्या में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. शारदा नदी का जलस्तर पलियाकलां में लाल चिह्न के पार बना हुआ है. वहीं शारदानगर में यह इस निशान के करीब पहुंच चुका है. क्वानो नदी चंद्रदीपघाट में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है
बीते 24 घंटों में दस लोगों की मौत
प्रदेश के राहत आयुक्त संजय कुमार ने सोमवार को बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान वज्रपात तथा बारिश के कारण मकान या दीवार गिरने इत्यादि हादसों में कुल 10 लोगों की मौत हो गयी. इनमें झांसी में चार, इटावा में दो तथा फिरोजाबाद, रायबरेली, औरैया और शामली में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है. इन हादसों के कारण 116 घरों को भी नुकसान पहुंचा है.
उत्तर प्रदेश
राष्ट्रीय खेल दिवस पर जमुना राम मेमोरियल स्कूल में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह
चितबड़ागांव, बलिया। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाए जा रहे राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव में आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का पुरस्कार वितरण समारोह बुधवार, 30 सितंबर 2026 को विद्यालय परिसर में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
समारोह में कबड्डी, हॉकी, हैंडबॉल और 100 मीटर दौड़ समेत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर विजेता खिलाड़ियों के चेहरे पर खुशी नजर आई।
कार्यक्रम का सफल संचालन इरफान अंसारी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक इंजीनियर तुषारनंद ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करता है। उन्होंने मेजर ध्यानचंद के जीवन से प्रेरणा लेकर विद्यालय और देश का नाम रोशन करने के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया।

प्रधानाचार्य अजीत कुमार सिंह ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों की सराहना की।
विद्यालय के शारीरिक शिक्षक सरदार मोहम्मद अफ़ज़ल और हैंडबॉल प्रशिक्षक मनोज कुमार पाण्डेय के अथक प्रयासों से खेल प्रतियोगिताओं और पुरस्कार वितरण समारोह को सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
इस अवसर पर इंचार्ज अरविन्द चौबे, चन्द्रकेश गुप्ता, हेमन्त गुप्ता, प्रिया पाण्डेय, साधना राय समेत विद्यालय के समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विजेता खिलाड़ियों और शिक्षकों के साथ फोटो सेशन किया गया और समारोह का समापन हुआ।
उत्तर प्रदेश
बलिया का बढ़ा मान! जमुना राम मेमोरियल स्कूल सीबीएसई ईस्ट जोन हैंडबॉल के फाइनल में
मिर्जापुर। सनबीम एकेडमी नॉलेज पार्क, मिर्जापुर में आयोजित सीबीएसई ईस्ट जोन हैंडबॉल प्रतियोगिता 2026-27 में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव (बलिया) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए रोमांचक मुकाबले में जमुना राम मेमोरियल स्कूल ने मेजबान सनबीम एकेडमी नॉलेज पार्क को 06-02 के बड़े अंतर से हराया। मैच की शुरुआत से ही जमुना राम मेमोरियल स्कूल की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और पूरे मुकाबले में अपनी पकड़ बनाए रखी।
टीम की ओर से अंकिता कुशवाहा ने 2, रितिका यादव ने 2, आइशा गुप्ता ने 1 और श्रेया ने 1 गोल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। इस शानदार जीत के साथ टीम ने प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली है। फाइनल मुकाबला कल खेला जाएगा।
टीम की सफलता पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक इंजीनियर तुषारनंद एवं प्रधानाचार्य अजीत सिंह ने खिलाड़ियों और खेल स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने शारीरिक शिक्षक सरदार मोहम्मद अफ़ज़ल, टीम प्रशिक्षक मनोज कुमार और टीम मैनेजर रश्मि श्रीवास्तव को भी शुभकामनाएं देते हुए फाइनल के लिए उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर इंचार्ज अरविंद चौबे, आनन्द मिश्रा, नीतू मिश्रा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें फाइनल के लिए शुभकामनाएं दीं।
featured
PET परीक्षा में फर्जीवाड़ा, बलिया के बांसडीह CHC के मेडिकल ऑफिसर अमित गुप्ता गिरफ्तार
बलिया। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) में धांधली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने बलिया के बांसडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में तैनात मेडिकल ऑफिसर अमित गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोपी डॉक्टर पर अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर फर्जी दस्तावेज के जरिए सॉल्वर को परीक्षा में बैठाने का गंभीर आरोप है। पुलिस ने इस मामले में दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है।
कैसे चलता था खेल
पुलिस के मुताबिक, गिरोह अभ्यर्थियों से 50 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक वसूलता था। इसके बाद एडमिट कार्ड और पहचान पत्र में हेरफेर कर किसी अन्य व्यक्ति को परीक्षा देने के लिए भेजा जाता था। इस खेल को मेडिकल ऑफिसर अमित गुप्ता संगठित तरीके से संचालित कर रहा था।
गिरफ्तारी और बरामदगी
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से फर्जी आधार कार्ड, एडमिट कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद किए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश जारी है।
पुलिस का सख्त रुख
एसपी ने कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अमित गुप्ता समेत तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच चल रही है।
यह गिरफ्तारी जिले में स्वास्थ्य विभाग और परीक्षा प्रणाली दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
-
featured3 weeks agoबलिया BJP की इनसाइड स्टोरी! संगठन में पद की लड़ाई अश्लील वीडियो तक आई?
-
सिकंदरपुर2 days agoसिकंदरपुर विधानसभा सर्वे 2027
-
फेफना2 days agoफेफना विधानसभा सर्वे 2027
-
बैरिया2 days agoबैरिया विधानसभा सर्वे 2027
-
बेल्थरा रोड2 days agoबेल्थरा रोड विधानसभा सर्वे 2027
-
बांसडीह2 days agoबांसडीह विधानसभा सर्वे 2027
-
रसड़ा2 days agoरसड़ा विधानसभा सर्वे 2027
-
बलिया स्पेशल2 days agoबलिया विधानसभा सर्वे 2027


