बलिया स्पेशल
बलिया- पत्नी ने प्रेमी से करायी थी पति की हत्या, गिरफ्तार
तीन मार्च को मनियर थाना क्षेत्र के गौरा बंगहीं निवासी 35 वर्षीय शैलेंद्र राजभर की मौत मिर्गी के कारण नहीं बल्कि गला दबाने से हुई थी। इस का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ है। पुलिस ने हत्या की साजिश में मृतक की पत्नी सरली देवी उर्फ लीलावती एवं उसका आशिक बबलू राजभर निवासी गौरीशाहपुर (खड़ेसरी के मठिया) थाना मनियर को गिरफ्तार कर धारा 302, 201 व 120 बी के तहत जेल भेज दिया ।
बताया जाता है कि होली के अगले दिन शनिवार को शैलेंद्र के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए परिजन नदी तट पर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी सरली उर्फ लीलावती ने उस वक्त पुलिस को तहरीर दी थी कि मेरा पति होली के दिन सुबह करीब छह बजे घर से निकला। वह रात तक घर वापस नहीं लौटा। अगले दिन शनिवार को करीब 10 बजे उसका शव पानी के नाले में मिला। मेरा पति मिर्गी का रोगी था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला गला दबाकर हत्या का निकला तो पुलिस छानबीन में जुट गयी। जिसमें मामला खुलकर आया कि मौत मिर्गी से नहीं बल्कि गला दबाकर की गयी है। जांच के दौरान पुलिस ने पाया की मृतक की पत्नी का नाजायज संबंध पड़ोसी बब्लू राजभर पुत्र मुन्ना राजभर से थी। मृतक की पत्नी अपने प्रेमी बब्लू को पति की हत्या के लिए अक्सर उकसाया करती थी। इससे बब्लू ने शैलेंद्र राजभर की हत्या कर शव को गांव से उत्तर बागीचे में कुएं में फेंक दिया।
पुलिस की मानें तो बब्लू एवं उसकी प्रेमिका मृतक की पत्नी सरली उर्फ लीलावती अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। मनियर पुलिस ने मृतक शैलेन्द्र राजभर के पिता रामजी राजभर पुत्र स्व. सुग्रीव राजभर से गुरुवार को तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया। इसमें रामजी राजभर ने बताया है कि मेरे पुत्र शैलेन्द्र एवं मेरी पुत्र बहू सरली उर्फ लीलावती में होली के दो दिन पहले झगड़ा हुआ था। मेरी पुत्र वधू लीलावती ने अपने प्रेमी बब्लू के साथ साजिश करके मेरे लड़के शैलेंद्र की हत्या दो मार्च को करके उसकी लाश को गांव के उत्तर दिशा बगीचे में छुपा दिया। जब पुत्र घर नहीं आया तो हम लोगों ने उसकी तलाश की और लाश को तीन मार्च को गांव के उत्तर दिशा बगीचे में पाये और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
featured
बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
बलिया। नारायणपुर स्थित बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का शानदार आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न आयामों पर आधारित अपने मॉडल प्रदर्शित कर सबको प्रभावित किया। उनकी सृजनशीलता और तकनीकी कौशल को देखकर अतिथि, अभिभावक व आगंतुक मंत्रमुग्ध रह गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र के विख्यात एवं सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह, अभिभावकों तथा पूर्व छात्रों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों में नवाचार, शोध क्षमता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देती हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों व प्रतिभागी छात्रों का आभार व्यक्त किया।
featured
फेफना खेल महोत्सव : कबड्डी फाइनल में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बेटियों का दमदार प्रदर्शन
बलिया, 3 दिसंबर 2025। फेफना खेल महोत्सव 2025 के तहत आज बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच और जोश से भरपूर रहा। खिताबी जंग जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव और मर्चेंट इंटर कॉलेज, बलिया के बीच खेली गई।
कड़े संघर्ष से भरे इस मैच में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बालिकाओं ने शानदार कौशल, साहस और टीमवर्क का परिचय दिया। अंतिम मिनटों तक चले रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।

पूर्व खेल मंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व खेल मंत्री श्री उपेंद्र तिवारी ने दोनों टीमों से भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। मैच के बाद उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यालय परिवार में उत्सव जैसा माहौल
विद्यालय के प्रबंधक निदेशक इंजीनियर तुषार नंद ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों का यह प्रदर्शन स्कूल के लिए गर्व की बात है।
प्रधानाचार्य अरविंद चौबे और क्रीड़ा शिक्षक सरदार मोहम्मद अफजल ने भी टीम की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बलिया स्पेशल
बलिया पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, जेएनसीयू के दीक्षांत समारोह का किया शुभारंभ
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) के दीक्षांत समारोह में मंगलवार को प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके आगमन पर विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
राज्यपाल ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया और मेधावी छात्रों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कुलपति, शिक्षकों और छात्रों ने राज्यपाल का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने छात्रों से कहा कि वे शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी समझें और देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को भी बधाई दी और बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने की सराहना की।
समारोह में जिले के कई गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


