बलिया स्पेशल
फरियाद लेकर डिप्टी सीएम से मिलने पहुंची महिला को तीन मासूमो संग बलिया पुलिस ने पहुँचाया हवालात
बलिया। योगी सरकार में किस कदर पीड़ितों को प्रशासन द्वारा न्याय से वंचित किया जा रहा है गुरूवार को नगर के टाउन हाल में इसकी तस्वीर दिखायी दी। जहाँ अपने भूमि पर गाँव के दबंगों द्वारा जबरन अवैध कब्जा जमाने के विरोध में डिप्टी सीएम से न्याय की गुहार लगाने आयी एक अबला को कोतवाली पुलिस ने न्याय दिलाने की बजाय हवालात की हवा खिला दी। बता दे कि सुखपुरा थाना क्षेत्र के देवकली गॉव निवासी श्रीमती शैल कुमारी की पुश्तैनी भूमि पर गाँव के दबंग जबरन कब्जा जमाये हुए है। जबकि शासकीय दस्तावेजों में शैल कुमारी ही भूमि की वारिश है। अपनी भूमि पर जब भी वह काबिज होने जाती है, गाँव के दबंग उन्हें मार-पीट कर भगा देते है। इसकी शिकायत शैल कुमारी ने इलाकाई पुलिस के साथ-साथ एसपी और डीएम से भी की, लेकिन कहीं उन्हें न्याय नहीं मिला। न्याय की आश में वह गुरूवार को टाउनहाल पहुँची और डिप्टी सीएम से मिलकर अपनी पीड़ा बयां करना चाहती थी, लेकिन पुलिस को यह नागवार गुजरा कि कोई उसकी कारगुजारियों की शिकायत उप मुख्य मंत्री से करे, इसलिए कोतवाली पुलिस ने आनन-फानन में शैल कुमारी और उनके साथ आयी दो बच्चियों और एक मासूम को हवालात में पहुँचा दिया। सूत्रों की माने तो डिप्टी सीएम के जाने के बाद पुलिस ने इनको छोड़ दिया है ।
बता दे कि शैलकुमारी का पति रोग ग्रस्त व्यक्ति है जो कामकाज करने में असमर्थ है । घर के खर्चे का इंतजाम शैलकुमारी को ही करना पड़ता है । अपनी भूमि से अवैध कब्जा हटाने के लिये इस महिला ने सुखपुरा थाना की चौखट पर आवेदन देकर कई बार माथा टेका परन्तु विरोधी दबंग और रसूखदार होने के कारण हर बार थाने को अपने वश में करके अबला को न्याय नही देने दिया । थाने से न्याय न मिलने पर इस महिला ने जिलाधिकारी बलिया और एसपी बालिया से भी कई बार गुहार लगाई लेकिन हुआ कुछ नही । थक हार कर यह महिला डिप्टी सीएम केशव मौर्य से मिलने टाउनहाल आयी लेकिन यहां तो पुलिस ने इस महिला को न्याय दिलाने में सहयोग देने की बजाय हवालात की सैर छोटे छोटे तीन मासूमो संग करा दी ।
बता दे कि ऐसे ही उपेक्षित व्यवहारों से तंग आकर इस महिला ने गांधी जयंती के दिन बच्चों समेत आत्मदाह करने की घोषणा की है । कलेक्ट्रेट पर 2 अक्टूबर को आत्मदाह करने की धमकी दी है । अब देखना है कि इस अबला को न्याय मिलता है कि उस दिन भी पुलिस हवालात की ही सैर कराती है ।
featured
बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
बलिया। नारायणपुर स्थित बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का शानदार आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न आयामों पर आधारित अपने मॉडल प्रदर्शित कर सबको प्रभावित किया। उनकी सृजनशीलता और तकनीकी कौशल को देखकर अतिथि, अभिभावक व आगंतुक मंत्रमुग्ध रह गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र के विख्यात एवं सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह, अभिभावकों तथा पूर्व छात्रों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों में नवाचार, शोध क्षमता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देती हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों व प्रतिभागी छात्रों का आभार व्यक्त किया।
featured
फेफना खेल महोत्सव : कबड्डी फाइनल में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बेटियों का दमदार प्रदर्शन
बलिया, 3 दिसंबर 2025। फेफना खेल महोत्सव 2025 के तहत आज बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच और जोश से भरपूर रहा। खिताबी जंग जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव और मर्चेंट इंटर कॉलेज, बलिया के बीच खेली गई।
कड़े संघर्ष से भरे इस मैच में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बालिकाओं ने शानदार कौशल, साहस और टीमवर्क का परिचय दिया। अंतिम मिनटों तक चले रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।

पूर्व खेल मंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व खेल मंत्री श्री उपेंद्र तिवारी ने दोनों टीमों से भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। मैच के बाद उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यालय परिवार में उत्सव जैसा माहौल
विद्यालय के प्रबंधक निदेशक इंजीनियर तुषार नंद ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों का यह प्रदर्शन स्कूल के लिए गर्व की बात है।
प्रधानाचार्य अरविंद चौबे और क्रीड़ा शिक्षक सरदार मोहम्मद अफजल ने भी टीम की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बलिया स्पेशल
बलिया पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, जेएनसीयू के दीक्षांत समारोह का किया शुभारंभ
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) के दीक्षांत समारोह में मंगलवार को प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके आगमन पर विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
राज्यपाल ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया और मेधावी छात्रों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कुलपति, शिक्षकों और छात्रों ने राज्यपाल का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने छात्रों से कहा कि वे शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी समझें और देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को भी बधाई दी और बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने की सराहना की।
समारोह में जिले के कई गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


