बलिया स्पेशल
बलिया की एसपी ने छात्राओं का बढ़ाया हौसला, कहा- दुनिया जीत सकती हैं आप
बलिया। गौरी शंकर राय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, करनई के सभागार में आयोजित शैक्षिक गोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि पहुची बलिया पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रीपर्णा गांगुली ने छात्राओं का खूब हौसला बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा एकमात्र साधन है जिसके द्वारा आप अपने साध्य को सुगमता से प्राप्त कर सकते हैं। ध्यान रहे कि आप अपनी योग्यता और क्षमता के अनुसार अपने शैक्षिक उद्देश्यों का निर्धारण करें। लक्ष्यनिर्धारण के बाद उसमें अटूट विश्वास, सुनियोजित रणनीति और कठिन परिश्रम उसे जल्दी प्राप्त करने में मददगार होते हैं ।
छात्राओं से व्यक्तित्व विकास, सुरक्षा, रोजगार, स्वावलंबन और संस्कार पर बातें करते हुए श्रीमती गांगुली ने कहा कि वर्तमान समाज में अपने को टिकाए रखने के लिए परिवार, पड़ोस, समाज, कानून और सरकार पर बराबर की जागरूकता बनाए रखनी होगी।
कहीं भी, कभी भी आपके साथ या किसी महिला के साथ किसी प्रकार का उत्पीड़न हो तो तत्काल महिला हेल्पलाइन 1090 पर संपर्क करें, आपको यथोचित सहायता मिलेगी।
छात्राओं को नसीहत देते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आपके माता-पिता, अभिभावक आप के सबसे बड़े शुभचिंतक हैं। अपने जीवन में तथा अपने फैसलों में उन को तरजीह देने की आदत डालें। मुझे अच्छा लग रहा है कि गौरी शंकर राय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियों की शिक्षा में पूरी सुचिता और संवेदना के साथ कार्य कर रहा है ।
श्रीमती गांगुली के अलावा वरिष्ठ चित्रकार डॉ इफ्तेखार खान तथा वरिष्ठ रंगकर्मी आशीष त्रिवेदी ने भी इस गोष्ठी को संबोधित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं ने महिला हिंसा पर आधारित नुक्कड़ नाटक “वजूद” का शानदार मंचन किया तथा “वह सुबह कभी तो आएगी” शीर्षक से सामूहिक गीत भी प्रस्तुत किया। पुलिस अधीक्षक द्वारा रंगकर्मी कुमारी सोनी, अर्जुन, आशीष त्रिवेदी तथा चित्रकार डॉ इफ्तेखार खान को सम्मानित भी किया गया ।
महाविद्यालय की तरफ से श्रीमती गांगुली को सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह देते हुए प्रबंधक वीरेंद्र राय ने कहा कि आप जैसी पुलिस अधिकारी हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
हमें गर्व हैं कि आप जैसे कर्मठ, जुझारू और ईमानदार व्यक्ति हमारे जनपद का नेतृत्व कर रहा है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक महोदय ने महाविद्यालय परिसर में छात्राओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने हेतु लगाए गए आर.ओ. वाटर कूलर का शुभारंभ किया तथा पौधारोपण भी किया । स्वागत व संचालन डी.एल.एड. विभागाध्यक्ष धनंजय राय ने र्नकिया ।

पुलिस अधीक्षक ने महाविद्यालय के ठीक सामने, तालाब के किनारे छात्राओं तथा करनई ग्राम वासियों के सहयोग से सदैव जीवनदाई ऑक्सीजन देने वाले वृक्ष, पीपल के पौधे का रोपण कर यह संदेश दिया कि वृक्ष हमारे जीवन है इनकी सुरक्षा और हमारी सुरक्षा है ।
featured
बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
बलिया। नारायणपुर स्थित बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का शानदार आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न आयामों पर आधारित अपने मॉडल प्रदर्शित कर सबको प्रभावित किया। उनकी सृजनशीलता और तकनीकी कौशल को देखकर अतिथि, अभिभावक व आगंतुक मंत्रमुग्ध रह गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र के विख्यात एवं सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह, अभिभावकों तथा पूर्व छात्रों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों में नवाचार, शोध क्षमता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देती हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों व प्रतिभागी छात्रों का आभार व्यक्त किया।
featured
फेफना खेल महोत्सव : कबड्डी फाइनल में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बेटियों का दमदार प्रदर्शन
बलिया, 3 दिसंबर 2025। फेफना खेल महोत्सव 2025 के तहत आज बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच और जोश से भरपूर रहा। खिताबी जंग जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव और मर्चेंट इंटर कॉलेज, बलिया के बीच खेली गई।
कड़े संघर्ष से भरे इस मैच में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बालिकाओं ने शानदार कौशल, साहस और टीमवर्क का परिचय दिया। अंतिम मिनटों तक चले रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।

पूर्व खेल मंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व खेल मंत्री श्री उपेंद्र तिवारी ने दोनों टीमों से भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। मैच के बाद उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यालय परिवार में उत्सव जैसा माहौल
विद्यालय के प्रबंधक निदेशक इंजीनियर तुषार नंद ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों का यह प्रदर्शन स्कूल के लिए गर्व की बात है।
प्रधानाचार्य अरविंद चौबे और क्रीड़ा शिक्षक सरदार मोहम्मद अफजल ने भी टीम की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बलिया स्पेशल
बलिया पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, जेएनसीयू के दीक्षांत समारोह का किया शुभारंभ
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) के दीक्षांत समारोह में मंगलवार को प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके आगमन पर विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
राज्यपाल ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया और मेधावी छात्रों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कुलपति, शिक्षकों और छात्रों ने राज्यपाल का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने छात्रों से कहा कि वे शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी समझें और देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को भी बधाई दी और बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने की सराहना की।
समारोह में जिले के कई गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





