बलिया
इन्वेस्टर समिटः बलिया में दो हजार करोड़ का होगा निवेश
बलियाः आज गंगा बहुद्देशीय सभागार में महत्वाकांक्षी इन्वेस्टर समिट का आयोजन हुआ। इसमें देश के विभिन्न उद्यमियों के अलावा जॉर्डन से आए उद्यमी ने भाग लिया।
इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह उपस्थित थे। इस समिट में कुल 61 उद्यमियों ने हिस्सा लिया। जिन्होंने लगभग दो हजार करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इसके अलावा जार्डन से आए कारोबारी रज्जाक शुकुर अल-ईबादी ने 120 करोड़ की मेडिकल फैक्ट्री लगाने के संकेत दिए।
इन्वेस्टर समिट को सम्बोधित करते हुए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि बलिया में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। उसके लिए यहां पर्याप्त भूमि और सुरक्षित माहौल है। हमारा प्रयास होगा कि यहां के चीनी मिल को फिर से शुरू किया जाए और गन्ने से एथेनॉल बनाया जाए। इस दिशा में पूरी गम्भीरता से पहल करूँगा।
उन्होंने कहा कि गुजरात के कुछ निवेशक, जो सौर ऊर्जा से जुड़े हैं, उनको भी बलिया में आकर सौर ऊर्जा के क्षेत्र में कार्य करने की अपील किया हूँ। सुरहाताल में फ्लोटिंग रिसोर्ट व पानी में तैरने वाला रेस्टोरेंट बन जाए तो पर्यटन के लिहाज से और बेहतर हो जाएगा। माल्देपुर में डॉल्फिन प्वाइंट भी बनाया जा रहा है। कटहल नाला के दोनों तरफ पाथ-वे, बेंच, सोलर लाइट्स व अन्य व्यवस्था कर सुंदर बनाया जाएगा। विधायक केतकी सिंह ने कहा कि फूड प्रोसेसिंग के लिए कच्चा माल यहां आसानी से मिल जाएगा, लिहाजा क्षेत्र में भी अच्छा उद्योग विकसित किया जा सकता है।
वहीं जिलाधिकारी ने इन्वेस्टर समिट में आए सभी उद्योगपतियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आप लोगों की ओर से किए गए निवेश से निश्चित रूप से जनपद में औद्योगिक विकास होगा। उन्होंने कहा कि हमारे पास उद्योग धंधों के लिए पर्याप्त जमीन है। सीडीओ प्रवीण वर्मा ने उद्योग के लिहाज से बलिया की सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। उप कृषि निदेशक इंद्राज ने बताया कि कृषि क्षेत्र में बलिया के विकास के लिए किसान उत्पादक संगठन काम कर रहे हैं।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने इन्वेस्टर्स समिट में आए सभी अतिथियों को उपहार के रूप में जनपद में उत्पादित मोटे अनाज के पैकेट दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि पूरा विश्व वर्ष 2023 को ‘मिलेट ईयर’ के रूप में मना रहा है। बलिया में विभिन्न किस्म के मोटे अनाज का पर्याप्त उत्पादन होता भी है। सब्जी के निर्यात के बाद अब मोटे अनाज के निर्यात के जरिए आर्थिक विकास की अपार संभावनाएं हैं।
कला शिक्षक इफ्तेखार कान के नेतृत्व में राजकीय इंटर कॉलेज के कला के विद्यार्थियों ने शानदार कलाकृति के जरिए सबका स्वागत किया। इन्वेस्टर समिट का लोगो व स्वागत से जुड़े कलाकृति बनाई, जिसकी मंत्री और जिलाधिकारी के अलावा हर किसी ने सराहना की। कार्यक्रम में विधायक केतकी सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साह, एसपी राजकरण नैय्यर सहित अन्य अधिकारी व उद्यमी गण मौजूद थे।

featured
एक साल से धूल फांक रही करोड़ों की जांच सुविधा, बांसडीह सीएचसी में नहीं चालू हो सकी बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन
बांसडीह (बलिया)। ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांसडीह में स्थापित की गई बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन पिछले एक वर्ष से अधिक समय से निष्क्रिय पड़ी है। स्वास्थ्य विभाग की यह महत्वपूर्ण मशीन अस्पताल परिसर तक पहुंचने के बावजूद अब तक चालू नहीं हो सकी है, जिससे क्षेत्र के हजारों मरीजों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मशीन के संचालन से लीवर फंक्शन टेस्ट, किडनी प्रोफाइल, लिपिड प्रोफाइल, यूरिक एसिड, कोलेस्ट्रॉल, थायराइड, इलेक्ट्रोलाइट्स, कार्डियक प्रोफाइल, कैल्शियम, मैग्नीशियम, प्रोटीन और आयरन समेत करीब 30 प्रकार की महत्वपूर्ण जांचें सीएचसी स्तर पर ही उपलब्ध हो सकती हैं। फिलहाल इन जांचों के लिए मरीजों को जिला अस्पताल या निजी पैथोलॉजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत उठानी पड़ती है।
सीएचसी बांसडीह में प्रतिदिन सैकड़ों मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। सामान्य जांच सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद गंभीर बीमारियों से जुड़ी कई आवश्यक जांचों का अभाव बना हुआ है। ऐसे में मशीन का चालू होना क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। अनुमान है कि इससे क्षेत्र की लगभग 40 हजार आबादी को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर एक अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण है, जिसे क्लिनिकल केमिस्ट्री एनालाइजर भी कहा जाता है। यह रक्त, प्लाज्मा और सीरम जैसे जैविक नमूनों की रासायनिक जांच कर विभिन्न रोगों के सटीक निदान में मदद करता है। आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बलिया के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अभय नारायण राय ने कहा कि उन्हें मशीन के स्थापित न होने की जानकारी नहीं थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराकर मशीन को शीघ्र चालू कराने की कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने कहा कि मशीन के संचालन से बांसडीह सीएचसी में कई महत्वपूर्ण जांचें शुरू हो जाएंगी, जिससे मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उन्हें अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी। अब क्षेत्रवासियों को मशीन के जल्द शुरू होने का इंतजार है।
बलिया
अघोषित बिजली कटौती पर सपा युवजन सभा का हल्ला बोल, 9 सूत्रीय मांगों के साथ सौंपा ज्ञापन
भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और खराब विद्युत व्यवस्था को लेकर समाजवादी युवजन सभा ने विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द गिरि के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता को 9 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में रघुनाथपुर, दुबहड़ और आईटीआई विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों में बार-बार हो रही बिजली कटौती पर रोक लगाने, जर्जर तारों को बदलने, कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, फीडरों और लाइनों का नियमित रखरखाव कराने तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इस दौरान गड़वार क्षेत्र में 33 केवी लाइन पर पेड़ गिरने से बाधित बिजली आपूर्ति को बहाल कराने में व्यस्त अधिशासी अभियंता से दूरभाष पर वार्ता कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया गया। उनकी अनुपस्थिति में विभाग द्वारा अधिकृत अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
अरविन्द गिरि ने कहा कि भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से आम जनता, किसान, छात्र-छात्राएं, व्यापारी और छोटे व्यवसायी परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो समाजवादी लोग आम जनता के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग और शासन-प्रशासन की होगी।
बलिया
बलिया में रोजगार का सुनहरा अवसर: 23 जून को लगेगा एक दिवसीय रोजगार मेला
बलिया। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का बेहतरीन अवसर सामने आया है। जिला सेवायोजन कार्यालय, बलिया द्वारा 23 जून 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला सतनी सराय स्थित तारा निवास गली, भृगु आश्रम के पास स्थित जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में आयोजित होगा।
मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी विजन इंडिया ग्लोबल एल्यूमिनियम द्वारा अप्रेंटिसशिप के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इस पद के लिए 10वीं एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को ₹17,500 प्रतिमाह तक का वेतन प्रदान किया जाएगा।
कंपनी द्वारा निर्धारित आयु सीमा 18 से 28 वर्ष रखी गई है, जबकि चयनित अभ्यर्थियों का कार्यस्थल हैदराबाद (तेलंगाना) होगा। अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से उनकी योग्यता एवं क्षमता के आधार पर किया जाएगा।
जिला सेवायोजन कार्यालय ने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले सभी अभ्यर्थियों का रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। कैंपस चयन की पूरी प्रक्रिया रोजगार संगम पोर्टल के माध्यम से संपन्न कराई जाएगी।
जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ रोजगार मेले में उपस्थित होने की अपील की है।
-
featured3 days agoजननायक की जन्मशताब्दी पर महाअभियान, बलिया में हजारों लोगों को मिलेगा निःशुल्क स्वास्थ्य लाभ
-
बलिया3 days agoअघोषित बिजली कटौती पर सपा युवजन सभा का हल्ला बोल, 9 सूत्रीय मांगों के साथ सौंपा ज्ञापन
-
बलिया3 days agoबलिया में रोजगार का सुनहरा अवसर: 23 जून को लगेगा एक दिवसीय रोजगार मेला
-
featured3 days agoलखनऊ अग्निकांड के बाद बड़ा सवाल: क्या बलिया के कोचिंग संस्थान सुरक्षित हैं?
-
featured2 days agoएक साल से धूल फांक रही करोड़ों की जांच सुविधा, बांसडीह सीएचसी में नहीं चालू हो सकी बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन


