बलिया स्पेशल
बलिया- पूर्व मंत्री नारद राय की घर वापसी, फिर से बन गये सपाई
पूर्व मंत्री नारद राय फिर से अपने पुराने घर समाजवादी पार्टी में लौट आए हैं। आधिकारिक या सार्वजनिक रूप से कहीं इसकी घोषणा फिलहाल भले न हुई हो लेकिन उनकी गाड़ी पर पार्टी के झंडे ने गुरुवार को ही इसकी चर्चा तेज कर दी थी। बिल्थरारोड में पूर्व मंत्री स्व. शारदानंद अंचल के जन्मदिन कार्यक्रम में सपा नेताओं के साथ उनकी मौजूदगी ने इसे और बल दे दिया। शनिवार को तो उनके चंद्रशेखरनगर स्थित आवास पर बकायदा एक बैठक भी हुई, जिसमें आगे की रणनीति तैयार करने के साथ ही सपा की मजबूती को लेकर चर्चा हुई। 26 जुलाई को जयप्रकाश नगर से शुरू होने सपा की साइकिल समग्र यात्रा की सफलता के बावत विचार-विमर्श भी किया गया।
विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सपा नेतृत्व में छिड़ी रार ने पूर्व मंत्री नारद राय को भी अपने लपेटे में ले लिया था। उस समय नारद राय सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव व शिवपाल यादव के साथ खड़़े दिखे थे। बाद में पार्टी की कमान अखिलेश यादव को मिली तो नारद राय की स्थिति कमजोर पड़ी। नगर विधानसभा की उनकी सीट से सपा ने प्रत्याशी नहीं बनाया तथा पार्टी में काफी हद तक उपेक्षा महसूस हुई तो नारद राय ने बसपा का दामन थाम लिया। बसपा के टिकट पर चुनाव भी लड़े लेकिन सफलता नहीं मिली।
नारद राय सपा को छोड़कर बसपा में भले ही चले गए लेकिन वे वहां कभी खुद को सहज महसूस नहीं कर सके थे। शायद यही वजह रही कि बहुत जल्द ही उन्होंने बसपा को अलविदा कह दिया। इसके बाद से उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया। हालांकि माना जा रहा था कि देर-सबेर अपने ‘घर’ वापस लौट आएंगे। शीर्ष स्तर पर बातचीत भी लगातार जारी रही। पार्टी सूत्रों की मानें तो मुलायम सिंह यादव के साथ नारद राय के रिश्ते बेहद खास रहे। लिहाजा वे इन्हें पार्टी में वापस लेने को लेकर हमेशा उत्सुक रहे, बस अखिलेश यादव की हरी झंडी मिलने का इंतजार था। बताया जाता है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से वार्ता के बाद अंतत: नारद राय फिर से सपाई बन गए हैं। शनिवार को उनके आवास पर उनके समर्थकों की बैठक भी हुई। इसमें 26 जुलाई को जयप्रकाशनगर से निकलने वाली साइकिल यात्रा के 27 जुलाई को बलिया नगर विधानसभा क्षेत्र में आने पर स्वागत को लेकर रणनीति बनायी गयी।
featured
बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
बलिया। नारायणपुर स्थित बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का शानदार आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न आयामों पर आधारित अपने मॉडल प्रदर्शित कर सबको प्रभावित किया। उनकी सृजनशीलता और तकनीकी कौशल को देखकर अतिथि, अभिभावक व आगंतुक मंत्रमुग्ध रह गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र के विख्यात एवं सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह, अभिभावकों तथा पूर्व छात्रों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों में नवाचार, शोध क्षमता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देती हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों व प्रतिभागी छात्रों का आभार व्यक्त किया।
featured
फेफना खेल महोत्सव : कबड्डी फाइनल में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बेटियों का दमदार प्रदर्शन
बलिया, 3 दिसंबर 2025। फेफना खेल महोत्सव 2025 के तहत आज बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच और जोश से भरपूर रहा। खिताबी जंग जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव और मर्चेंट इंटर कॉलेज, बलिया के बीच खेली गई।
कड़े संघर्ष से भरे इस मैच में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बालिकाओं ने शानदार कौशल, साहस और टीमवर्क का परिचय दिया। अंतिम मिनटों तक चले रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।

पूर्व खेल मंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व खेल मंत्री श्री उपेंद्र तिवारी ने दोनों टीमों से भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। मैच के बाद उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यालय परिवार में उत्सव जैसा माहौल
विद्यालय के प्रबंधक निदेशक इंजीनियर तुषार नंद ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों का यह प्रदर्शन स्कूल के लिए गर्व की बात है।
प्रधानाचार्य अरविंद चौबे और क्रीड़ा शिक्षक सरदार मोहम्मद अफजल ने भी टीम की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बलिया स्पेशल
बलिया पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, जेएनसीयू के दीक्षांत समारोह का किया शुभारंभ
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) के दीक्षांत समारोह में मंगलवार को प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके आगमन पर विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
राज्यपाल ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया और मेधावी छात्रों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कुलपति, शिक्षकों और छात्रों ने राज्यपाल का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने छात्रों से कहा कि वे शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी समझें और देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को भी बधाई दी और बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने की सराहना की।
समारोह में जिले के कई गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


