बलिया स्पेशल
बलिया से चलेगी मेमू ट्रेन, पीएम मोदी आज दिखाएंगे हरी झंडी, जानें क्या है ख़ासियत
आज (शनिवार) से डेमू की जगह मेमू (मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टिपल यूनिट) का संचालन शुरू होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाएंगे और वाराणसी सिटी से ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा।
तैयारियों के मद्देनजर गुरुवार को वाराणसी से औड़िहार के बीच ट्रायल रन किया गया। इस दौरान सब कुछ ठीक पाया गया। फिलहाल वाराणसी से बलिया के बीच डेमू ट्रेन चलाई जा रही थी।
14 जुलाई से वाराणसी सिटी-बलिया तथा फेफना-वाराणसी सिटी डेमू गाड़ियों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। शनिवार से इसकी जगह मेमू ले लेगी। शुक्रवार को ट्रायल रन के बाद मंडुवाडीह वाशिंग लाइन पहुंची मेमू की रैक की साफ-सफाई और सुरक्षा जांच की गई।
शाम को मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को फूल-पत्तियों से सजाया गया। इसके बाद शनिवार सुबह वाराणसी सिटी के लिए भेजी जाएगी। मेमू ट्रेन में बैठने के साथ ही खड़े होने के लिए पर्याप्त जगह है। इसमें कुल नौ डिब्बे हैं। ये एक दूसरे से जुड़े होने के साथ ही चौड़े दरवाजे से युक्त हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के अधिकारियों ने वाराणसी पहुंची नई रैक का निरीक्षण किया। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी एनईआर संजय यादव ने बताया कि डेमू की जगह मेमू का संचालन होने जा रहा है।
द्घाटन विशेष गाड़ी मेमू वाराणसी सिटी से शाम को 4:30 बजे बलिया को रवाना होगी। 4:39 पर सारनाथ, 4:46 कादीपुर, 4:56 पर रजवाड़ी, 5:01 पर सिधौना, 5:10 मिनट पर औड़िहार, 5:17 पर सैदपुर भीतरी, 5:26 पर तरांव, 5:32 पर बासुचक, 5:39 पर नंदगंज, 5:46 मिनट पर सहेड़ी, 5:52 आकुंशपुर, 6:00 पर गाजीपुर सिटी, 6:07 पर गाजीपुर घाट, 6:16 पर शाहबाज कुली, 6:24 मिनट पर युसुफपुर, 6:32 मिनट पर ढोढ़ाडीह, 6:40 मिनट पर करीमुद्दीनपुर, 6:48 मिनट पर ताजपुर डेहमा, 6:56 मिनट पर चितबड़ागांव, 7:03 पर फेफना, 7:10 मिनट पर सागरपाली और 7:20 मिनट पर बलिया पहुंच जाएगी। 15 जुलाई से बलिया से नियमानुसार मेमू का संचालन किया जाएगा।
दो दिनी दौरे पर शनिवार को काशी पहुंच रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रात में विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए शहर में निकल सकते हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा कालभैरव के दरबार में दर्शन-पूजन की भी तैयारी है।
हालांकि इन कार्यक्रमों के बारे में कोई अधिकृत जानकारी सामने नहीं आई है लेकिन पार्टी सूत्रों का दावा है कि डीरेका में विशिष्टजनों से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री शहर के रात्रि भ्रमण पर जा सकते हैं।
पीएम मोदी डीरेका में विशिष्टजनों से मुलाकात के दौरान ‘मेरी काशी’ पुस्तिका का विमोचन करेंगे। इस पुस्तिका में बतौर सांसद उनकी तरफ से अपने संसदीय क्षेत्र में बीते चार सालों में कराए गए विकास कार्यों का संकलन है। इस दौरान पीएम के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे।
माना जा रहा है कि इसके बाद प्रधानमंत्री सीएम योगी के साथ शहर में निकल सकते हैं। संभावित दर्शन-पूजन और रात्रि भ्रमण को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा पदाधिकारियों ने तैयारियां कर ली है। शहर के कई इलाकों में बैरिकेडिंग भी कराई गई है ताकि फ्लीट गुजरने में किसी प्रकार की अड़चन न आने पाए।
featured
बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
बलिया। नारायणपुर स्थित बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का शानदार आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न आयामों पर आधारित अपने मॉडल प्रदर्शित कर सबको प्रभावित किया। उनकी सृजनशीलता और तकनीकी कौशल को देखकर अतिथि, अभिभावक व आगंतुक मंत्रमुग्ध रह गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र के विख्यात एवं सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह, अभिभावकों तथा पूर्व छात्रों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों में नवाचार, शोध क्षमता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देती हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों व प्रतिभागी छात्रों का आभार व्यक्त किया।
featured
फेफना खेल महोत्सव : कबड्डी फाइनल में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बेटियों का दमदार प्रदर्शन
बलिया, 3 दिसंबर 2025। फेफना खेल महोत्सव 2025 के तहत आज बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच और जोश से भरपूर रहा। खिताबी जंग जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव और मर्चेंट इंटर कॉलेज, बलिया के बीच खेली गई।
कड़े संघर्ष से भरे इस मैच में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बालिकाओं ने शानदार कौशल, साहस और टीमवर्क का परिचय दिया। अंतिम मिनटों तक चले रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।

पूर्व खेल मंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व खेल मंत्री श्री उपेंद्र तिवारी ने दोनों टीमों से भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। मैच के बाद उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यालय परिवार में उत्सव जैसा माहौल
विद्यालय के प्रबंधक निदेशक इंजीनियर तुषार नंद ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों का यह प्रदर्शन स्कूल के लिए गर्व की बात है।
प्रधानाचार्य अरविंद चौबे और क्रीड़ा शिक्षक सरदार मोहम्मद अफजल ने भी टीम की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बलिया स्पेशल
बलिया पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, जेएनसीयू के दीक्षांत समारोह का किया शुभारंभ
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) के दीक्षांत समारोह में मंगलवार को प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके आगमन पर विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
राज्यपाल ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया और मेधावी छात्रों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कुलपति, शिक्षकों और छात्रों ने राज्यपाल का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने छात्रों से कहा कि वे शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी समझें और देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को भी बधाई दी और बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने की सराहना की।
समारोह में जिले के कई गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


