Connect with us

featured

बलिया में विकास की बयार पर भाजपा ने जारी किया वीडियो, क्या हैं दावे देख लीजिए

Published

on

बलिया भाजपा ने अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से एक वीडियो ट्वीट किया है।

उत्तर प्रदेश की सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुकी है। भाजपा के बड़े-बड़े नेताओं की रैलियां शुरू होने लगी हैं। लेकिन डिजिटल इंडिया में चुनाव का माहौल सोशल मीडिया से बनाया जाता है। बलिया भाजपा ने अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से एक वीडियो ट्वीट किया है। इस वीडियो में बलिया में सरकार के कामों का लेखा-जोखा दिया गया है।

उत्तर प्रदेश भाजपा की ओर से दो मिनट का एक वीडियो ट्वीट किया गया है। वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा गया है “रउरा देखीं…, कइसे बहsत बा बलिया में बिकास के बयार…।” वीडियो की शुरुआत होती है भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक भाषण के क्लिप के साथ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह भाषण बलिया की धरती से ही दिया था। नरेंद्र मोदी इस वीडियो क्लिप में कहते हैं कि “बलिया की धरती क्रांतिकारी धरती है। देश के लिए जीने-मरने वाले लोग इस बलिया की धरती ने दिए हैं।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण के अंश के साथ मंगल पांडेय, चित्तू पांडेय जैसे बलिया के महान लोगों की तस्वीर दिखाई जाती है। इस के बाद अलग-अलग तस्वीरों के साथ और बैकग्राउंड में आवाज के साथ बताया जाता है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद बलिया तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ गया है।

भाजपा के इस वीडियो में विकास कार्यों की गिनती से पहले बताया जाता है कि पूर्ववर्ती सपा-बसपा सरकार के तीन-तीन मंत्री इसी जिले से थे। उसके बावजूद बलिया विकास से अछूता ही रहा। बताया गया है कि “प्रदेश की भाजपा सरकार और मोदी जी के कुशल नेतृत्व ने वो कर दिखाया जो मंगल पांडेय की धरती आजादी के बाद से ही मांग कर रही थी।”

वीडियो में बलिया में बनाई जा रही ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे के बारे में बताया गया। जिसके बन जाने से बनारस और बलिया के बीच की दूरी आधी हो जाएगी। साथ ही बिहार का रास्ता भी आसान हो जाएगा। इसके बाद जिले में बन रहे छह लेन के सड़क निर्माण का जिक्र है। फिर बारी आती है उज्जवला योजना की। पहले बताया जाता है कि प्रधानमंत्री मोदी ने उज्जवला योजना की शुरुआत बलिया की ही धरती पर की थी। इसके बाद किया गया है कि आज बलिया के हर घर में गैस कनेक्शन है।

हर घर नल योजना और सपा-बसपा सरकार पर सियासी हमले के साथ यह दो मिनट का वीडियो खत्म हो जाता है। अब सवाल है कि क्या यह वीडियो बलिया के विकास की पूरी हकीकत है? वीडियो में उज्जवला योजना के तहत हर घर में गैस कनेक्शन का बखान तो है लेकिन एक सिलेंडर की कीमत हजार रुपए के करीब पहुंच जाने का कोई जिक्र नहीं है।

वीडियो ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे और छह लेन की सड़कें बन रही हैं यह तो बताती है लेकिन उखड़े और जर्जर हालत में पड़े पूरे जिले की सड़कों पर चुप हो जाती है। यह हकीकत नहीं बताया गया है कि बलिया में आए दिन टूटे सड़कों की मरम्मत को लेकर लोग धरना देते रहते हैं। बलिया में विकास के हिलोर मारने की कहानी सुनाता यह वीडियो यह भी नहीं बताता है कि बलिया के जिले अस्पताल की भ्रष्ट व्यवस्था के चलते लोगों को गोरखपुर और बनारस का चक्कर काटना पड़ता है।

बलिया के विकास की किस्सागोई करता इस वीडियो में शिक्षा व्यवस्था की चर्चा तक नहीं है। क्योंकि हकीकत ये है कि जिले का एकमात्र विश्वविद्यालय जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय महीनों से बाढ़ और उसके बाद नाले के पानी से घिरा रहता है। विश्वविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी और जरूरत पड़ने पर विद्यार्थी नाव से परिसर में प्रवेश करते हैं।

देखना होगा कि बलिया में भाजपा सरकार के वादे पर जनता कितना भरोसा दिखाती है? साथ ही चुनाव के माहौल में यह वीडियो क्या रंग जमाता है? गौरतलब है कि बलिया में कुल सात विधानसभा सीटें हैं। इनमें से पांच विधानसभा सीटों पर भाजपा के नेता काबिज हैं। जबकि एक-एक सीट सपा और बसपा के पास है। चुनाव के नतीजे बताएंगे कि उत्तर प्रदेश विधानसभा में बलिया की सात सीटों पर भाजपा के खाते में कितनी सीटें जाती हैं?

Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

featured

CBSE ईस्ट जोन हॉकी प्रतियोगिता में जमुना राम स्कूल की बेटियों का कमाल, कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया मान

Published

on

गोरखपुर स्थित बी.एन. पब्लिक स्कूल में 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आयोजित सीबीएसई ईस्ट जोन हॉकी प्रतियोगिता (सत्र 2026-27) में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव (बलिया) की अंडर-17 बालिका हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (तृतीय स्थान) अपने नाम किया। इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ पूरे बलिया जिले का गौरव बढ़ा है।

प्रतियोगिता के दौरान टीम ने कई मजबूत विद्यालयों को कड़ी टक्कर देते हुए सेमीफाइनल तक का शानदार सफर तय किया और अंततः तीसरा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

कांस्य पदक जीतकर विद्यालय पहुंची टीम का ढोल-नगाड़ों, पुष्प वर्षा और तालियों की गूंज के बीच भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

विद्यालय के प्रबंध निदेशक इंजीनियर तुषारनंद ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि, “हमारे विद्यालय की बेटियां आज शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। सीबीएसई ईस्ट जोन प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतना उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। विद्यालय प्रबंधन खिलाड़ियों को भविष्य में भी विश्वस्तरीय सुविधाएं और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।”

इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया। खिलाड़ियों की इस सफलता से विद्यालय में उत्साह का माहौल है और अन्य छात्र-छात्राओं को भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिली है।

Continue Reading

featured

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जमुना राम पीजी कॉलेज में हुआ पौधरोपण, वन महोत्सव-2026 का आयोजन

Published

on

बलिया। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को श्री जमुना राम पीजी कॉलेज, चितबड़ागांव में ‘वन महोत्सव-2026’ के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में आम के फलदार पौधे रोपकर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, चितबड़ागांव शाखा के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक शक्ति कुमार ने पांच आम के पौधे लगाकर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के संस्थापक प्रबंधक प्रो. धर्मात्मानंद, उप प्राचार्य डॉ. विपिन गुप्ता, शिक्षा संकायाध्यक्ष डॉ. उदयनारायण श्रीवास्तव, डॉ. विनोद यादव, डॉ. राकेश गुप्ता, डॉ. आशुतोष उपाध्याय, बृजेश गुप्ता, आरती पांडे, मंदाकिनी सिंह, मदन सिंह सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण और उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया।

Continue Reading

featured

आवास योजना में लापरवाही पर सभी एसडीएम का वेतन रोकने के आदेश

Published

on

बलिया। जिले में राजस्व और विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने भूमि आवंटन और आवासीय पट्टा वितरण में खराब प्रगति पर सभी उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) का वेतन रोकने के आदेश दिए। साथ ही लंबित राजस्व वादों के 15 दिनों के भीतर निस्तारण और 90 दिन से अधिक पुराने मामलों को मिशन मोड में खत्म करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों से जुड़े 25 महत्वपूर्ण एजेंडों की समीक्षा करते हुए आईजीआरएस, डिजिटल क्रॉप सर्वे, स्वामित्व योजना, अंश निर्धारण, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, भूमि आवंटन, मत्स्य पट्टा, चकबंदी, बाढ़ प्रबंधन और अन्य राजस्व मामलों की प्रगति पर अधिकारियों से जवाब-तलब किया।

उन्होंने आईजीआरएस के लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। स्वामित्व योजना के तहत लक्ष्य के सापेक्ष 1,286 गांवों में सर्वे कार्य शेष रहने पर नाराजगी जताते हुए सभी एसडीएम को अभियान चलाकर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

आगामी बाढ़ को देखते हुए डीएम ने रेड जोन के गांवों की पहचान, नावों की उपलब्धता, मेडिकल कैंप, पशुओं के चारे, राहत सामग्री और कंट्रोल रूम की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 183 संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों के लिए समुचित तैयारी रखने को भी कहा।

राजस्व वादों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने धारा 24, 33, 34, 67 और 116 से संबंधित लंबित मामलों की स्थिति जानी और निर्देश दिया कि सभी लंबित वादों का 15 दिनों के भीतर निस्तारण किया जाए। 90 दिन से अधिक पुराने मामलों के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर मिशन मोड में कार्रवाई करने को कहा।

मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत सभी तहसीलों में 16 प्रकरण लंबित मिलने पर उन्होंने संबंधित लेखपालों और कानूनगो के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

भूमि आवंटन की समीक्षा में रसड़ा, सिकंदरपुर और बैरिया तहसीलों में कृषि पट्टों का आवंटन नहीं होने पर 10 दिन के भीतर कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। वहीं आवासीय पट्टा वितरण में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति न मिलने पर सभी एसडीएम का वेतन रोकने के आदेश जारी किए।

मत्स्य पालन के लिए पट्टा आवंटन में बांसडीह, बलिया सदर और बैरिया तहसीलों की खराब प्रगति पर संबंधित तहसीलदारों का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। वहीं चकबंदी विभाग में 4,969 मुकदमे लंबित मिलने पर संबंधित अधिकारियों को शोकॉज नोटिस जारी करने और पांच वर्ष से अधिक पुराने मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में अन्नपूर्णा भवनों के उद्घाटन, सस्ता गल्ला दुकानों के चयन, अवैध खनन पर कार्रवाई, भूमि अधिग्रहण, नदी कटान निरोधक कार्य, गंगा ऑडिटोरियम के जीर्णोद्धार, एसटीपी परियोजना तथा अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी गुलशन जी, सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading

TRENDING STORIES

error: Content is protected !!