बलिया स्पेशल
संस्कृति राय हत्या की जांच यूपी STF को, पुलिस जल्द कर सकती है ख़ुलासा !
पॉलिटेक्निक छात्रा संस्कृति राय की हत्या की गुत्थी आज भी अनसुलझी है। संस्कृति के कातिलों की गिरफ्तारी के लिए पॉलिटेक्निक के छात्र-छात्राएं और समाजसेवी सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। बड़ी संख्या में छात्रों ने कैंडल मार्च निकाला है। सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक पर संस्कृति राय को इंसाफ दिलाए जाने की गुहार लगाई जा रही है। पुलिस के खिलाफ लोगों का गुस्सा बढ़ता ही जा रहा है। लोग पुलिस और योगी सरकार को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। प्रदेश की राजधानी लखनऊ से लेकर बलिया तक लोग सड़क पर कैंडल मार्च निकालकर उसके लिए इंसाफ की मांग कर रहे हैं।
बीते शनिवार को भी पॉलिटेक्निक छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए थे। जिसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने मामले की जांच यूपी एसटीएफ को सौंपी दी है। मुख्यमंत्री के इस रूख से लखनऊ पुलिस के अधिकारी सकते में हैं।
पुलिस-FSL टीम ने किया क्राइम सीन का रिक्रिएशन
रविवार की सुबह पुलिस की टीम ने एफएसएल की टीम के साथ घटनास्थल पर पूरे क्राइम सीन का रिक्रिएशन किया। रिक्रिएशन के बाद एफएसएल के ज्वाइंट डायरेक्टर जी खान का भी मानना है कि, संस्कृति राय के सिर पर पीछे से कातिलाना हमला किया गया। कातिल से बचने के लिए संस्कृति राय हाईवे से नीचे गिर गई और अधिक खून बहने से उसकी मौत हो गई। संस्कृति की हत्या के बाद से बलिया के फेफना स्थित भगवानपुर गांव में मातम है। अधिवक्ता उमेश कुमार राय की 17 साल की बेटी संस्कृति राय को इंसाफ दिलाने के लिए लोगों ने सोशल मीडिया पर जस्टिस फॉर संस्कृति राय नाम से कैंपेन चलाया है।
रिपोर्ट आने के बाद पुलिस जांच का बढ़ेगा दायरा !
पुलिस टीम ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट भी देखी है। एफएसएल की टीम अब पूरी जांच रिपोर्ट फाइनल करने के बाद पुलिस को सौंपेगी। वहीं एसपी ट्रांसगोमती हरेंद्र कुमार का कहना है कि, रिपोर्ट आने के बाद पुलिस जांच को और आगे बढ़ाएगी।
सपनों को पंख देनेवाली संस्कृति को किसने और क्यूं मारा?
अपने माता-पिता की उम्मीदों और अपने सपनों को पंख देने के लिए संस्कृति बलिया स्थित अपने घर से सैकड़ों किलोमीटर दूर लखनऊ में रहकर पढ़ाई कर रही थी। ऐसे में सवाल यही कि, महज सत्रह साल की संस्कृति राय का दुश्मन कौन था जिसने उसकी हत्या कर दी। अब देखना होगा कि, लखनऊ पुलिस और एसटीएफ कब तक संस्कृति राय के कत्ल और कातिल के मकसद का खुलासा कर पाती है।
featured
बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
बलिया। नारायणपुर स्थित बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का शानदार आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न आयामों पर आधारित अपने मॉडल प्रदर्शित कर सबको प्रभावित किया। उनकी सृजनशीलता और तकनीकी कौशल को देखकर अतिथि, अभिभावक व आगंतुक मंत्रमुग्ध रह गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र के विख्यात एवं सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह, अभिभावकों तथा पूर्व छात्रों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों में नवाचार, शोध क्षमता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देती हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों व प्रतिभागी छात्रों का आभार व्यक्त किया।
featured
फेफना खेल महोत्सव : कबड्डी फाइनल में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बेटियों का दमदार प्रदर्शन
बलिया, 3 दिसंबर 2025। फेफना खेल महोत्सव 2025 के तहत आज बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच और जोश से भरपूर रहा। खिताबी जंग जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव और मर्चेंट इंटर कॉलेज, बलिया के बीच खेली गई।
कड़े संघर्ष से भरे इस मैच में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बालिकाओं ने शानदार कौशल, साहस और टीमवर्क का परिचय दिया। अंतिम मिनटों तक चले रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।

पूर्व खेल मंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व खेल मंत्री श्री उपेंद्र तिवारी ने दोनों टीमों से भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। मैच के बाद उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यालय परिवार में उत्सव जैसा माहौल
विद्यालय के प्रबंधक निदेशक इंजीनियर तुषार नंद ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों का यह प्रदर्शन स्कूल के लिए गर्व की बात है।
प्रधानाचार्य अरविंद चौबे और क्रीड़ा शिक्षक सरदार मोहम्मद अफजल ने भी टीम की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बलिया स्पेशल
बलिया पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, जेएनसीयू के दीक्षांत समारोह का किया शुभारंभ
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) के दीक्षांत समारोह में मंगलवार को प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके आगमन पर विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
राज्यपाल ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया और मेधावी छात्रों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कुलपति, शिक्षकों और छात्रों ने राज्यपाल का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने छात्रों से कहा कि वे शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी समझें और देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को भी बधाई दी और बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने की सराहना की।
समारोह में जिले के कई गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


