बलिया
सरकारी कर्मचारियों की आवाज बनेगा “अधिकार मंच’, बलिया में शाखा का हुआ गठन
बलिया में ‘कर्मचारी शिक्षक अधिकारी एवं पेंशनर्स अधिकार मंच’ की जनपदीय शाखा का गठन किया गया है। जिसमें प्राशि संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह को अध्यक्ष, कलेक्ट्रेट संघ के अध्यक्ष अनिल गुप्ता को प्रधान महासचिव, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के मंत्री वेद प्रकाश पाण्डेय को महासचिव, महाविद्यालय टीचर्स एसोसिएशन के मंत्री अवनीश चंद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर कर्मचारी संगठनों की बैठक में जनपदीय शाखा का गठन हुआ। जिलाध्यक्ष सत्या सिंह ने कहा कि जहां कर्मचारियों, शिक्षकों एवं पेंशनरों के हक की अनदेखी होगी, वहां यह मंच दमदारी से अपने हक की लड़ाई लड़ेगा।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के मंत्री वेद प्रकाश पाण्डेय ने आह्वान किया कि सरकार के कर्मचारी-शिक्षक विरोधी नीतियों के खिलाफ सबको एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। प्रदेश सरकार कर्मचारियों, शिक्षकों एवं पेंशनर्स की पुरानी पेंशन की मांग सहित तमाम जायज और ज्वलंत समस्याओं का निस्तारण नहीं कर रही है। मांगों को लेकर कर्मचारियों-शिक्षकों के आन्दोलनों को लगातार एस्मा लगाकर दबाया जा रहा है। कोरोना काल में सरकार ने अपने खर्चों में कोई कटौती नहीं की, बल्कि कर्मचारी-शिक्षकों का डीए और अन्य भत्ते फ्रीज कर दिए। डीए के 18 माह के एरियर के रूप में करोड़ों रुपये सरकार के खजाने में पड़ा है।
सबसे ज्यादा नुकसान जनवरी, 2020 से जून 2021 के बीच सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों को उठाना पड़ा। वेद प्रकाश ने बताया, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद्, प्राथमिक शिक्षक संघ, कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ, उप्र अधिकारी महापरिषद, संयुक्त पेंशनर्स समन्वय समिति, विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय टीचर्स एसोसिएशन, माध्यमिक शिक्षक संघ, रोडवेज कर्मचारी यूनियन, माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ, उप्र सीनियर बेसिक शिक्षक संघ समेत दर्जनों संगठनों के नेतृत्व में प्रदेश स्तर पर कर्मचारी-शिक्षक अधिकारी एवं पेंशनर्स अधिकार मंच का गठन किया जा चुका है, जिसके क्रम में बुधवार को जनपद शाखा का गठन किया गया।
बैठक में नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ इंजीनियर संघ के ई.राहुल सिंह, सिचाई संघ के वीरेंद्र सिंह, सुशील त्रिपाठी, कौशल उपाध्याय, संजय भारती, राजेश पांडेय, ज्ञान प्रकाश मिश्र, अशोक मिश्र, विद्यासागर दूबे, गिरिजेश सिंह, अजय सिंह, विनोद शुक्ल, ओमकार सिंह, नीरज कुमार विनोद सिंह, रविंद्र सिंह, धनंजय सिंह, विनोद पांडेय, देव प्रकाश सिंह, एचएन दूबे, लालबाबू, वीरेंद्र सिंह, गौतम भारती, अनिल राम, राज मंगल यादव, माधुरी ओझा, एनएचएम संघ के आशुतोष सिंह, अजय मिश्र, करुणेश श्रीवास्तव, दिलीप श्रीवास्तव पंकज वर्मा, जितेंद्र पांडे, अजीत कुमार राजेश मिश्रा, बृजमोहन सिंह, कृष्ण मोहन, श्रीराम प्रसाद आदि मौजूद थे।
बलिया
अघोषित बिजली कटौती पर सपा युवजन सभा का हल्ला बोल, 9 सूत्रीय मांगों के साथ सौंपा ज्ञापन
भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और खराब विद्युत व्यवस्था को लेकर समाजवादी युवजन सभा ने विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द गिरि के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता को 9 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में रघुनाथपुर, दुबहड़ और आईटीआई विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों में बार-बार हो रही बिजली कटौती पर रोक लगाने, जर्जर तारों को बदलने, कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, फीडरों और लाइनों का नियमित रखरखाव कराने तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इस दौरान गड़वार क्षेत्र में 33 केवी लाइन पर पेड़ गिरने से बाधित बिजली आपूर्ति को बहाल कराने में व्यस्त अधिशासी अभियंता से दूरभाष पर वार्ता कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया गया। उनकी अनुपस्थिति में विभाग द्वारा अधिकृत अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
अरविन्द गिरि ने कहा कि भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से आम जनता, किसान, छात्र-छात्राएं, व्यापारी और छोटे व्यवसायी परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो समाजवादी लोग आम जनता के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग और शासन-प्रशासन की होगी।
बलिया
बलिया में रोजगार का सुनहरा अवसर: 23 जून को लगेगा एक दिवसीय रोजगार मेला
बलिया। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का बेहतरीन अवसर सामने आया है। जिला सेवायोजन कार्यालय, बलिया द्वारा 23 जून 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला सतनी सराय स्थित तारा निवास गली, भृगु आश्रम के पास स्थित जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में आयोजित होगा।
मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी विजन इंडिया ग्लोबल एल्यूमिनियम द्वारा अप्रेंटिसशिप के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इस पद के लिए 10वीं एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को ₹17,500 प्रतिमाह तक का वेतन प्रदान किया जाएगा।
कंपनी द्वारा निर्धारित आयु सीमा 18 से 28 वर्ष रखी गई है, जबकि चयनित अभ्यर्थियों का कार्यस्थल हैदराबाद (तेलंगाना) होगा। अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से उनकी योग्यता एवं क्षमता के आधार पर किया जाएगा।
जिला सेवायोजन कार्यालय ने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले सभी अभ्यर्थियों का रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। कैंपस चयन की पूरी प्रक्रिया रोजगार संगम पोर्टल के माध्यम से संपन्न कराई जाएगी।
जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ रोजगार मेले में उपस्थित होने की अपील की है।
featured
लखनऊ अग्निकांड के बाद बड़ा सवाल: क्या बलिया के कोचिंग संस्थान सुरक्षित हैं?
बलिया। लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग में 15 छात्रों की दर्दनाक मौत के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों और अग्निशमन व्यवस्थाओं में गंभीर लापरवाही की बात सामने आई है, जिसके बाद कई जिलों में प्रशासन ने कोचिंग संस्थानों की जांच शुरू कर दी है।
इसी बीच बलिया जिले में भी बिना मानकों और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के संचालित हो रहे सैकड़ों कोचिंग संस्थानों को लेकर चिंता बढ़ गई है। जिला मुख्यालय से लेकर बेल्थरा रोड, रसड़ा, सिकंदरपुर, बांसडीह और बैरिया जैसी तहसीलों तक अनेक कोचिंग सेंटर संकरी गलियों, बहुमंजिला भवनों और व्यावसायिक परिसरों में संचालित हो रहे हैं, जहां न तो अग्निशमन उपकरण दिखाई देते हैं और न ही आपातकालीन निकास की समुचित व्यवस्था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई कोचिंग संस्थान क्षमता से अधिक छात्रों को बैठाकर कक्षाएं संचालित कर रहे हैं। अधिकांश भवनों में फायर एनओसी, आपातकालीन निकास, अग्निशमन यंत्र और सुरक्षा मानकों की स्थिति की कभी जांच नहीं होती। ऐसे में यदि कोई दुर्घटना होती है तो हालात बेहद भयावह हो सकते हैं।
लखनऊ हादसे के बाद कानपुर समेत कई जिलों में प्रशासन ने सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई शुरू कर दी है और कई संस्थानों को सील भी किया गया है।
अब सवाल यह है कि क्या बलिया प्रशासन भी जिले में संचालित कोचिंग संस्थानों का व्यापक सर्वे कराएगा? क्या बिना मानक और बिना सुरक्षा व्यवस्था के चल रहे कोचिंग सेंटरों की जांच होगी? लखनऊ की त्रासदी ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
(यह जनहित से जुड़ा विषय है। प्रशासन को जिले के सभी कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था, फायर एनओसी और भवन मानकों की तत्काल जांच करानी चाहिए ताकि भविष्य में किसी दुर्घटना से बचा जा सके।)
-
featured12 hours agoजननायक की जन्मशताब्दी पर महाअभियान, बलिया में हजारों लोगों को मिलेगा निःशुल्क स्वास्थ्य लाभ
-
बलिया11 hours agoअघोषित बिजली कटौती पर सपा युवजन सभा का हल्ला बोल, 9 सूत्रीय मांगों के साथ सौंपा ज्ञापन
-
featured13 hours agoलखनऊ अग्निकांड के बाद बड़ा सवाल: क्या बलिया के कोचिंग संस्थान सुरक्षित हैं?
-
बलिया13 hours agoबलिया में रोजगार का सुनहरा अवसर: 23 जून को लगेगा एक दिवसीय रोजगार मेला


