Connect with us

featured

अन्न महोत्सव: बलिया में 1.33 लाख लोगों को मिला मुफ्त राशन, पीएम मोदी ने की लाभार्थियों से बातचीत

Published

on

बलिया: कोरोना काल में कोई भूखा ना सोए, इस उद्देश्य से सरकार ने पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना की शुरुआत की है। इस योजना के जरिए देश के गरीबों की भूख मिटाने सरकार राशन का वितरण करती है। इसी के तहत जगह जगह अन्न महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है कि ताकि लाभार्थियों को मुफ्त राशन बांटा जा सके। बलिया में भी निःशुल्क अन्न वितरण का कार्यक्रम ‘अन्न महोत्सव’ का आयोजन हुआ। इस दौरान कुल 1.33 लाख लाभार्थियों को राशन किट दिया गया, जिसमें ग्रामीण क्षेत्र के 1.21 लाख व शहरी क्षेत्र के 11 हजार लाभार्थी शामिल हैं। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी, राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला, मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत, जिलाधिकारी अदिति सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न उचित दर दुकानों पर राशन वितरण किया।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योजना के लाभार्थियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की, जिसका सीधा प्रसारण एलईडी के माध्यम से सभी कोटेदार के यहां मौजूद लाभार्थियों व ग्रामीणों को दिखाया गया। अन्न महोत्सव को लेकर लाभार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर सूचना विभाग द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम व प्रचार साहित्य के वितरण के जरिए सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल ने शहर के गुदरी बाजार स्थित उचित दर दुकानदार के यहां पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के लाभार्थियों में राशन वितरण किया। प्रदेश सरकार की ओर से मिले वाटरप्रूफ बैग में राशन किट दिया गया।

इस अवसर पर शुक्ल ने कहा कि कोरोना काल के दौरान पूरे भारत के गरीबों के दर्द को प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री जी ने नजदीक से महसूस किया। कोई भूखा नहीं सोए, इसका संकल्प लेते हुए महीने में दो बार फ्री राशन देने की योजना का शुभारंभ किया। इसके तहत भारत में 80 करोड़ व प्रदेश के 15 करोड़ को निःशुल्क राशन दिया जा रहा है। अकेले नगर विधानसभा के साढ़े तीन लाख लोगों को निःशुल्क राशन मिल रहा है। राशन वितरण के दौरान राज्यमंत्री ने लाभार्थियों का हाल-चाल भी जाना। इससे पहले उचित दर दुकानदार शिवकुमार गिरी ने माल्यार्पण कर राज्यमंत्री शुक्ल का स्वागत किया। इस अवसर पर व्यापार मंडल के रामकुमार ‘मुन्ना’, डिंपल सिंह, मनीष सिंह गुड्डन आदि थे। अध्यक्षता अभिषेक सोनी व संचालन संजीव कुमार डम्पू ने किया।

हनुमानगंज ब्लॉक के कपूरी में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के लाभार्थियों को नि:शुल्क राशन वितरण किया। प्रदेश सरकार की ओर से मिले वाटरप्रूफ बैग में तीन किग्रा गेहूँ, दो किग्रा चावल का वितरण किया। मंत्री तिवारी ने कहा कि गरीब परिवार के लाभार्थियों को निःशुल्क राशन के अलावा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हर प्रकार की सुविधाएं मिल रही है, जिसमें पीएम आवास योजना, किसान सम्मान निधि योजना, उज्जवला योजना, शौचालय, जननी सुरक्षा योजना व मातृत्व वंदना योजना आदि शामिल है। इस अवसर पर पूर्ति निरीक्षक रत्नेश सिंह, ग्राम प्रधान अभय वर्मा, कोटेदार विक्रेता मुन्नी देवी व ग्रामीण उपस्थित थे।

मंडलायुक्त व जिलाधिकारी ने भ्रमण कर रखी नजर-  मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत व जिलाधिकारी अदिति सिंह ने भ्रमण कर ‘अन्न महोत्सव’ का जायजा लेते रहे। जिले भर के अधिकारियों से संपर्क करके राशन वितरण व्यवस्था पर नजर बनाए रखा। दोनों अधिकारियों ने पियरिया, रसूलपुर, गुरगुजपुर समेत कुछ उचित दर दुकानों पर लाभार्थियों के बीच राशन किट का भी वितरण किया। साथ ही लाभार्थियों से बातचीत कर राशन वितरण की पारदर्शिता का सत्यापन किया। लाभार्थियों से बातचीत में जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना काल में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की दिक्कतों को समझते हुए निःशुल्क राशन देने के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना की शुरुआत की गई। इसके तहत मुफ्त अनाज दिवाली तक मिलेगा। साथ में डीएसओ कृष्ण गोपाल पांडेय व अन्य अधिकारी थे।

प्रधानमंत्री का संवाद सुन उत्साहित दिखे ग्रामीण- अन्न महोत्सव के अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के लाभार्थियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने महिला लाभार्थियों से उनके घर गृहस्थी से जुड़ी जानकारी ली। महिलाओं ने भी अपनी-अपनी भाषा में प्रधानमंत्री जी को विभिन्न लाभकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए धन्यवाद दिया। उधर, एलईडी के माध्यम से सीधा प्रसारण देख रहे जिले के शहर के लेकर ग्रामीण क्षेत्र के लोग, खासकर महिलाएं पीएम के साथ संवाद सुन काफी उत्साहित दिखीं। वहीं, सूचना विभाग की ओर से भी एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था कर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया।

featured

राम गोविंद चौधरी की विरासत संभालने को तैयार रंजीत चौधरी, फिर उन्हें कमतर दिखाने की कोशिश क्यों?

Published

on

बलिया। समाजवादी राजनीति में राम गोविंद चौधरी की पहचान और उनके लंबे राजनीतिक अनुभव की अपनी अहमियत रही है। अब उनके बेटे रंजीत चौधरी को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। वह अपने पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं, लेकिन सवाल उठ रहा है कि क्या उन्हें आगे बढ़ने का पर्याप्त अवसर मिल रहा है या फिर उनके अपने ही राजनीतिक खेमे के कुछ लोग उन्हें कमतर दिखाने की कोशिश कर रहे हैं?

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम गोविंद चौधरी के परिवार का पूरा ख्याल रखने की बात कही है। ऐसे में पार्टी के भीतर रंजीत चौधरी की भूमिका और उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं स्वाभाविक हैं। अखिलेश यादव का यह आश्वासन राम गोविंद चौधरी के परिवार के प्रति पार्टी के रुख को दर्शाता है, लेकिन अब सवाल यह है कि इस भरोसे का जमीन पर कितना असर दिखाई देता है और रंजीत चौधरी को संगठन में किस तरह की भूमिका मिलती है।

राम गोविंद चौधरी की राजनीतिक विरासत केवल पारिवारिक पहचान तक सीमित नहीं है। इसमें उनका लंबा राजनीतिक संघर्ष समाजवादी विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता और जनता के बीच बनाया गया आधार शामिल है। रंजीत चौधरी के सामने इस विरासत को आगे बढ़ाने के साथ अपनी अलग राजनीतिक पहचान स्थापित करने की चुनौती भी है।

राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा है कि रंजीत चौधरी को लेकर कुछ लोग उन्हें अपेक्षित महत्व देने के बजाय उनकी भूमिका को सीमित करके पेश करने की कोशिश कर रहे हैं। मीडिया में उनकी राजनीतिक हैसियत और सक्रियता को किस तरह प्रस्तुत किया जा रहा है, इस पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इस तरह की चर्चाओं के पीछे किन लोगों की भूमिका है, इसे लेकर कोई ठोस तथ्य सामने आना जरूरी है।

राजनीतिक दलों में नए नेतृत्व को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी संगठन की भी होती है। यदि पार्टी नेतृत्व किसी वरिष्ठ नेता के परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा देता है, तो उस भरोसे को व्यवहार में भी दिखाई देना चाहिए। रंजीत चौधरी को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर देना और संगठन में उनकी भूमिका स्पष्ट करना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकता है।

अब निगाहें समाजवादी पार्टी के नेतृत्व पर हैं। अखिलेश यादव ने राम गोविंद चौधरी के परिवार का पूरा ख्याल रखने की बात कही है। ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि रंजीत चौधरी को अपने पिता की राजनीतिक विरासत आगे बढ़ाने के लिए किस तरह का अवसर मिलता है। आखिरकार, विरासत को सम्मान देना केवल आश्वासन देने से नहीं, बल्कि योग्य अवसर और जिम्मेदारी देने से भी जुड़ा होता है।

Continue Reading

featured

बलिया BJP की इनसाइड स्टोरी! संगठन में पद की लड़ाई अश्लील वीडियो तक आई?

Published

on

बलिया। बांसडीह में भाजपा से जुड़ी महिला कार्यकर्ता के निजी वीडियो के कथित प्रसार को लेकर दर्ज मुकदमे ने अब संगठन के भीतर चल रही कथित खींचतान की चर्चाओं को भी हवा दे दी है। सवाल उठ रहा है कि क्या संगठन में पद और प्रभाव की लड़ाई का विवाद इतना बढ़ गया कि मामला निजी वीडियो तक जा पहुंचा? सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे प्रकरण के पीछे संगठन में पद पाने की कथित होड़ और आपसी राजनीतिक खींचतान का एंगल भी सामने आ रहा है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच में ही वास्तविक तस्वीर साफ होगी।

क्या है पूरा मामला?: बांसडीह थाना क्षेत्र में भाजपा से जुड़ी एक महिला कार्यकर्ता ने पुलिस में शिकायत देकर आरोप लगाया कि उसका निजी वीडियो उसकी अनुमति के बिना प्रसारित किया जा रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।

मामले में नामजद आरोपियों में भाजपा से जुड़े पदाधिकारियों के नाम होने की बात सामने आई है। महिला ने अपनी शिकायत में बताया है कि वीडियो कॉल के दौरान उसका निजी वीडियो बनाए जाने और बाद में उसके प्रसारित होने की जानकारी उसे बातचीत के दौरान मिली। शिकायतकर्ता ने पुलिस को संबंधित बातचीत के ऑडियो-वीडियो साक्ष्य उपलब्ध होने की बात भी कही है।

पद की कथित लड़ाई से जुड़ा दूसरा एंगल : सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे मामले की एक दूसरी तस्वीर भी सामने आ रही है। सूत्रों का दावा है कि संगठन में पद और जिम्मेदारी को लेकर कुछ लोगों के बीच कथित तौर पर अंदरूनी खींचतान चल रही थी। इसी खींचतान के बीच विवाद ने ऐसा रूप लिया कि कुछ लोगों ने कथित तौर पर एक-दूसरे को निशाने पर लेने और फंसाने के लिए मामले का फायदा उठाया।

सूत्रों का यह भी कहना है कि संगठनात्मक पद को लेकर चल रही प्रतिस्पर्धा के बीच व्यक्तिगत विवाद भी जुड़ता चला गया और आखिरकार मामला पुलिस तक पहुंच गया। हालांकि, यह दावा फिलहाल सूत्रों के हवाले से है। पुलिस जांच में इसकी पुष्टि होना बाकी है कि कथित संगठनात्मक खींचतान का इस मामले से वास्तव में कोई सीधा संबंध है या नहीं।

जिले से लेकर लखनऊ तक मामला पहुंचाने की होड़?: इस पूरे प्रकरण को लेकर सूत्र एक और महत्वपूर्ण दावा कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, जिले से जुड़े भाजपा के कुछ प्रभावशाली नेता कथित तौर पर मामले को दबाने की कोशिश में जुटे हैं, जबकि दूसरी ओर कुछ नेता इस प्रकरण को लखनऊ तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।

यानी एक तरफ मामले को स्थानीय स्तर पर संभालने और शांत कराने की कोशिश की चर्चा है, तो दूसरी तरफ इसे पार्टी के उच्च स्तर तक ले जाने की कवायद की बात सामने आ रही है। सूत्रों का दावा है कि इसके पीछे भी संगठन में पद और प्रभाव को लेकर चल रही अंदरूनी खींचतान एक वजह हो सकती है।

राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज: मामले में भाजपा से जुड़े पदाधिकारियों के नाम सामने आने के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस की जांच, डिजिटल साक्ष्य और शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराए गए कथित वीडियो एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।

फिलहाल बांसडीह पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि यह मामला केवल निजी वीडियो के कथित प्रसार का है या इसके पीछे संगठनात्मक पद की कथित लड़ाई, आपसी विवाद और राजनीतिक खींचतान की भी कोई भूमिका रही है।

Continue Reading

featured

मेजर ध्यानचंद जयंती पर जमुना राम मेमोरियल स्कूल में खेल सप्ताह का आगाज, कबड्डी में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

Published

on

चितबड़ागांव (बलिया)। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव में 29 अगस्त से खेल-कूद सप्ताह का भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन के तहत विद्यालय के चारों हाउस—रेड, ग्रीन, ब्लू और येलो—के बालक एवं बालिका वर्ग के बीच कबड्डी प्रतियोगिता कराई गई।

बालिका वर्ग में ग्रीन हाउस ने रेड हाउस को 12-10 के रोमांचक मुकाबले में हराया, जबकि येलो हाउस ने ब्लू हाउस को 20-15 से शिकस्त दी। बालिका वर्ग का खिताबी मुकाबला अगले दिन खेला जाएगा।

वहीं, बालक वर्ग में ब्लू हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए येलो हाउस को 15-8 के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने जोश, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक इंजीनियर तुषारनंद ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन अनुशासन, समर्पण और देशप्रेम की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि खेल केवल हार-जीत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों में चरित्र निर्माण और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

प्रधानाचार्य अजीत कुमार सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद भी बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा को निखरने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम के दौरान इंचार्ज अरविंद चौबे, इंचार्ज नीतू मिश्रा और हैंडबॉल प्रशिक्षक मनोज कुमार पाण्डेय ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

Continue Reading

TRENDING STORIES

error: Content is protected !!