बलिया। जिला विकास अधिकारी ने शौचालय निर्माण में पांच लाख के गबन के आरोप में बैरिया ब्लॉक के नौरंगा ग्राम पंचायत सचिव संजय सिंह को निलंबित कर दिया है। डीडीओ ने यह कार्रवाई स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के जिला सलाहकार की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर की है। इसको लेकर विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) योजना के तहत बैरिया ब्लॉक के नौरंगा ग्राम पंचायत के राजस्व गांव भगवानपुर में वर्ष 15-16 में 65 शौचालय निर्माण के लिए प्रति शौचालय 12 हजार रुपये के हिसाब से पंचायती राज विभाग की ओर से सात लाख 80 हजार की धनराशि ग्राम निधि छह खाता में भेजी गई थी।
ग्रामीणों की ओर से गांव में शौचालय निर्माण में धांधली की शिकायत मिलने पर 19 मई को स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के जिला सलाहकार शैलेश कुमार ओझा ने शौचालयों के निर्माण का सत्यापन किया। सत्यापन में कुल 35 शौचालय ही निर्मित मिले, जिसमें 24 शौचालयों में मानक के अनुसार कार्य नहीं कराया हुआ मिला।
सत्यापन में सामने आया कि गांव में तैनात तत्कालीन सचिव संजय सिंह की ओर से 21 अगस्त 15 केे चेक संख्या 14725 से एक लाख 80 हजार व इसी तिथि को चेक संख्या 14726 के जरिये दो लाख 40 हजार रुपये, चार फरवरी 16 को चेक संख्या 13761 से एक लाख 80 हजार व 13762 के माध्यम से एक लाख 80 हजार रुपये का भुगतान स्वयं के नाम से कराया गया है। जांचकर्ता ने माना कि 35 शौचालयों का निर्माण नहीं कराकर चार लाख 20 हजार रुपये व निर्मित 24 शौचालयों में मानक पूरा नहीं कर 80 हजार रुपये का गबन किया गया है।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के जिला सलाहकार की जांच रिपोर्ट पर जिलाधिकारी ने शौचालय निर्माण में कुल पांच लाख रुपये गबन के मामले में तत्कालीन ग्राम सचिव के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का निर्देश बैरिया के बीडीओ को व अन्य कार्रवाई के लिए डीडीओ को दिया।
इस बाबत डीडीओ शशिमौली ने बताया कि शौचालय निर्माण में गबन के आरोप में नौरंगा ग्राम पंचायत के सचिव को निलंबित किया गया है। गबन के मामले में बार-बार स्पष्टीकरण मांगे जाने के बाद जवाब नहीं देने पर यह कार्रवाई की गई है।
बलिया।जमुना राम मेमोरियल स्कूल में कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं के लिए भव्य विदाई समारोह का…
फेफना (बलिया)। क्षेत्रीय संघर्ष समिति फेफना के नेतृत्व में शुक्रवार को क्षेत्रवासियों ने रेलवे बोर्ड…
26 जनवरी 2026 को जमुना राम मेमोरियल स्कूल के प्रांगण में 76वां गणतंत्र दिवस समारोह…
बलिया। ध्रुवजी सिंह स्मृति सेवा संस्थान, पूर-बलिया के सचिव भानु प्रकाश सिंह ‘बबलू’ ने विश्वविद्यालय…
बलिया जिले की फेफना विधानसभा क्षेत्र के तीखा गांव में टोंस नदी तट पर स्थित…